पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक पीआरडी जवान का युवक से पैसे लेते हुए वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था और जवान की भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वायरल वीडियो में पीआरडी जवान एक युवक से कथित तौर पर पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर पैसे देने वाले युवक को कथित फर्जी खादिम बताया जा रहा है। हालांकि, युवक की पहचान, पैसे लेने-देने की वजह और वीडियो में दिखाई दे रही पूरी घटना को लेकर अभी तक संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की जांच पर टिकी है। यदि वीडियो सही पाया जाता है तो यह दरगाह परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय हो सकता है। फिलहाल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




