उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को “नशामुक्त युवा-विकसित भारत का भविष्य” युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं का आह्वान किया

 

  राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को “नशामुक्त युवा-विकसित भारत का भविष्य” युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। उन्होंने कहा कि युवा केवल भारत का भविष्य ही नहीं, बल्कि आज के भारत की शक्ति और विकसित भारत के निर्माता हैं।

  सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी परिसर, कुवांवाला में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि नशे और ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक अभियान है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई ही हमारा कैंपेन है। इस अभियान में परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों के साथ निरंतर संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना होगा।

  राज्यपाल ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवारों के साथ शिक्षक, पुलिस, फार्मेसी क्षेत्र, चिकित्सक और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को मिलकर काम करना होगा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए केवल रोकथाम ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार, नवाचार और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है।

  राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त, 2026 को शुरू किए गए “नशामुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान” का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 सप्ताह का यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि उनका कोई साथी नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसका मजाक न बनाएं, बल्कि उससे संवाद करें, उसकी बात समझें और आवश्यकता होने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एक युवा को नशे से बचाना एक परिवार की आशा और समाज के भविष्य को बचाना है।

  राज्यपाल ने सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज तथा सजग इंडिया के चेयरमैन श्री ललित जोशी द्वारा नशे के खिलाफ कई वर्षों से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए विभिन्न संस्थाओं और संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को जनभागीदारी के साथ और व्यापक बनाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण किया।

 

  इस अवसर पर सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन श्री ललित जोशी सहित शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

                                                   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button