काशीपुर। लिटिल स्कॉलर्स स्कूल, काशीपुर में 27 नवंबर 2026 को वार्षिकोत्सव ‘सप्तस्पर्श’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से कला, संस्कृति, ज्ञान, एकता और मानवीय मूल्यों का अनूठा संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशीपुर मेयर दीपक बाली एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के हेड बॉय और हेड गर्ल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और वर्षभर की प्रमुख सफलताओं की जानकारी दी।
इस वर्ष वार्षिकोत्सव की मुख्य विषयवस्तु ‘सप्तस्पर्श’ रही, जिसके माध्यम से विविधता में एकता, प्रेम, शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की महत्ता को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों की मनमोहक गणेश वंदना से हुई। इसके बाद नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘सनशाइन स्प्राउट्स’ प्रस्तुति के जरिए ज्ञान, प्रसन्नता और सकारात्मकता का संदेश दिया। वहीं कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने ‘रिदम ऑफ लव’ के माध्यम से प्रेम, दया, सहयोग और मित्रता जैसे मूल्यों को नृत्य के जरिए खूबसूरती से दर्शाया।
विद्यालय के बैंड की शानदार प्र
स्तुति ने समारोह में संगीत और उत्साह का नया रंग भर दिया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने ‘फ्रॉम थ्रोन्स टू टॉम्ब्स’ नामक नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से सत्ता, महत्वाकांक्षा और त्याग जैसे गंभीर विषयों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने संदेश दिया कि वास्तविक शक्ति बाहरी वैभव में नहीं, बल्कि अपने भीतर के भय पर विजय प्राप्त करने में है।
कक्षा 11 की छात्राओं ने ‘मोक्ष’ नृत्य के माध्यम से आंतरिक बंधनों से मुक्ति और वास्तविक स्वतंत्रता का संदेश दिया। वहीं कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों की ‘हार्मनी ऑफ कैल्मनेस’ प्रस्तुति ने शांति, प्रेम, सद्भाव और एकता का महत्व समझाया।
कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने ‘फ्रॉम स्पार्क टू स्पेस’ के जरिए मानव सभ्यता की विकास यात्रा को दर्शाया। इसके साथ ही कक्षा 3 से 7 के विद्यार्थियों की ‘यूनिटी इन डाइवर्सिटी’ प्रस्तुति ने विभिन्न धर्मों के बीच प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। कक्षा 9 के विद्यार्थियों की ‘रेनबो’ प्रस्तुति ने अपने आकर्षक रंगों और मनमोहक अंदाज से समारोह में चार चांद लगा दिए।
समारोह में नैनी पेपर्स के प्रबंधक पवन अग्रवाल, भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र कुमार सोनकर, योगराज सिंह, डॉ. अमरजीत साहनी, राजीव घई, समर स्टडी विद्यालय की प्रबंधक मुक्ता सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ऋतु भल्ला ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, उनकी रचनात्मक प्रतिभा और शिक्षकों का समर्पण देखने को मिला।
विद्यालय का यह वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एकता, प्रेम, सहयोग और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी।




