हरिद्वार। छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने और उनके भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से जीआईसी बालिका इंटर कॉलेज, हरिद्वार की छात्राओं ने हरिद्वार विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को विश्वविद्यालय की आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, कौशल विकास गतिविधियों और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। यह भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ उनके भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव महाजन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और सफलता हासिल करने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने छात्राओं से अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन एवं समर्पण के साथ प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके बाद विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) आदेश आर्य ने विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र के माध्यम से छात्राओं को उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसरों और तेजी से उभरते नए करियर विकल्पों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव, कौशल विकास और सही मार्गदर्शन भी सफलता के लिए बेहद आवश्यक हैं।

वहीं, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट सीए एस.के. गुप्ता एवं वाइस प्रेसिडेंट नमन बंसल ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक छात्रा में आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता है। जरूरत है तो केवल निरंतर सीखने, मेहनत करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया। विश्वविद्यालय की आधुनिक व्यवस्थाओं और शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को देखकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस भ्रमण से उन्हें उच्च शिक्षा के नए अवसरों को समझने और अपने करियर को लेकर बेहतर निर्णय लेने में काफी मदद मिली। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एडमिशन मैनेजर जितेंद्र चौधरी एवं हेड एलुमनी एंड वेलफेयर निशा धीमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. देवरत, रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट सुमित चौहान, डायरेक्टर विपिन सैनी तथा हेड स्किल संजना भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं एवं शिक्षकों ने हरिद्वार विश्वविद्यालय के प्रबंधन और समस्त आयोजक टीम का आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमणों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, करियर जागरूकता और उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।




