अल्मोड़ाउत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूननगर पंचायत इमली खेड़ानैनीतालरूडकीहरिद्वार

मानव सेवा का अनूठा उदाहरण: इमलीखेड़ा में ‘ह्यूमैनिटी केयर’ का 10 दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर शुरू, मुख्य अतिथि निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने किया शुभारंभ

 

 

इमलीखेड़ा, संवाददाता। अभिषेक सैनी

कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सेवा और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था “ह्यूमैनिटी केयर – एक कदम मानवता की ओर” द्वारा नगर पंचायत इमलीखेड़ा में 10 दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और संस्था की सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

मुख्य अतिथि निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष ईमली खेड़ा मनोज सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवता का भी महापर्व है। उन्होंने कहा कि ह्यूमैनिटी केयर पिछले छह वर्षों से निरंतर निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा कर रही है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने संस्था के सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिविर के संयोजक डॉ. नीरज सैनी ने बताया कि यह निशुल्क चिकित्सा शिविर लगातार 10 दिनों तक संचालित रहेगा। शिविर में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे बुखार, डिहाइड्रेशन, थकान, चोट, छाले और अन्य परेशानियों के उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि हर शिवभक्त की यात्रा को सुरक्षित, स्वस्थ और सुगम बनाना है। इसी संकल्प के साथ चिकित्सकों और स्वयंसेवकों की टीम पूरे समर्पण और सेवा भाव से दिन-रात शिवभक्तों की सेवा में लगी हुई है।

इस अवसर पर युवराज अंकित सैनी, मधुसूदन देवा, ओसीम पाल, दीपक सैनी, डॉ. सूर्यवीर सिंह, सुमित सैनी, रवि सैनी, अनुज कश्यप, अभिषेक प्रजापति, डॉ. शुभम प्रजापति, विनय आर्य, सभासद शिवकुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कांवड़ यात्रा के बीच ह्यूमैनिटी केयर का यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत का केंद्र बन गया है। संस्था की यह पहल मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button