लाखों की लागत से बना पार्क बंद, आखिर जनता से क्यों छिपाया जा रहा है उद्घाटन?

इमलीखेड़ा। नगर पंचायत इमलीखेड़ा में लाखों रुपये की लागत से तैयार कराया गया पार्क आज भी आम जनता के लिए बंद है। पार्क पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद लोगों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पार्क का निर्माण पूरा हो चुका है तो उसे तत्काल जनता के लिए खोला जाए। वहीं यदि निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है तो नगर पंचायत यह बताए कि आखिर कौन-सा काम बाकी है और उद्घाटन में देरी क्यों हो रही है।

सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त इस मार्ग से होकर गुजर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पार्क खुला होता तो श्रद्धालुओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बैठने व विश्राम की सुविधा मिल सकती थी। लेकिन लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी पार्क के बंद रहने से सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं।

नगरवासियों ने मांग की है कि नगर पंचायत निर्माण कार्य की पूरी जानकारी, खर्च का विवरण, कार्य पूर्ण होने की तिथि और उद्घाटन में हो रही देरी का कारण सार्वजनिक करे। लोगों का कहना है कि यदि पार्क पूरी तरह तैयार है तो उसे बंद रखना जनहित के विपरीत है, और यदि तैयार नहीं है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है—जनता के टैक्स के लाखों रुपये से बना पार्क आखिर जनता के लिए कब खुलेगा? क्या नगर पंचायत इस सवाल का जवाब देगी या लोग यूं ही इंतजार करते रहेंगे?




