मंगलौर। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार, 2 नवंबर 2026 को विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर के अंतर्गत ग्राम झबिरन मंडावली में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने 24 विद्युत चोरी के मामले पकड़े।
विद्युत चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विजिलेंस टीम और उपखंड मंगलौर की टीम ने संयुक्त रूप से गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान कई स्थानों पर लोग सीधे बिजली लाइन से कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते पाए गए। कुछ स्थानों पर इसी तरह अवैध कनेक्शन के जरिए एसी भी चलाए जा रहे थे। टीम की अचानक कार्रवाई से गांव में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने आनन-फानन में बिजली की केबल खींचकर हटाने का प्रयास किया।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने मौके पर विद्युत चोरी के 24 मामले पकड़े। विभाग की ओर से संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी, अवर अभियंता विकास, सतीश कुमार एवं अभिषेक, विजिलेंस के सहायक अभियंता धनंजय सिंह, अजय सेमवाल एवं अनिल, अवर अभियंता अनिता काला एवं सपना, इंस्पेक्टर मारुत साह एवं सरिता शाह तथा सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी सहित विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। भविष्य में भी विजिलेंस टीम और उपखंड मंगलौर की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग की उपभोक्ताओं से अपील
विभाग ने सभी सम्मानित विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का उपयोग नियमानुसार, आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करें। बिजली चोरी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे सुचारू विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है। विभाग 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उपभोक्ताओं का सहयोग बेहद जरूरी है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




