इमलीखेड़ा। नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल सड़कों को लेकर उठ रही आवाज अब सड़क निर्माण की पहल तक पहुंचती दिखाई दे रही है। क्षेत्र की जिन सड़कों की समस्या को पत्रकार अभिषेक सैनी ने लगातार समाचारों के माध्यम से प्रमुखता से उठाया, उन सड़कों के निर्माण को लेकर अब जनप्रतिनिधियों की ओर से कदम आगे बढ़ाया गया है।

सड़क निर्माण एवं विकास कार्य के दौरान क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद, निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासद और पूर्व प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। सड़क निर्माण की पहल से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान हो सकेगा।

पत्रकार अभिषेक सैनी ने लगातार क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जलभराव और आम जनता को होने वाली परेशानियों को अपनी खबरों के माध्यम से सामने रखा। उनका कहना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाना भी है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण की पहल से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही लोगों ने मांग की कि नगर पंचायत क्षेत्र की अन्य खराब सड़कों का भी सर्वे कराकर जल्द निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए।
जनता की आवाज उठी, मुद्दा खबर बना और अब सड़क निर्माण की पहल से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है।




