**हरिद्वार।** बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मूलदासपुर माजरा में किसानों के निजी नलकूप चोरों के निशाने पर हैं। खेतों में लगे नलकूपों की मोटरों के केबल काटकर कीमती उपकरण चोरी किए जाने से किसानों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो उन्हें और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मामले को लेकर किसानों ने 8 नवंबर 2026 को संबंधित पुलिस चौकी प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। शिकायत में बताया गया कि किसान जब अपने खेतों में स्थित निजी नलकूपों पर पहुंचे तो मोटर पर लगा केबल कटा हुआ मिला। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

किसानों ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि ग्राम मूलदासपुर माजरा में नलकूपों से केबल और उपकरण चोरी होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन किसानों के अनुसार ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।

किसानों का कहना है कि नलकूप खेती-किसानी की महत्वपूर्ण जरूरत हैं। चोरों द्वारा केबल काटकर उपकरण चोरी किए जाने से न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि खेतों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे में किसानों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने बहादराबाद पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए। आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गांव और आसपास के खेतों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

**अब सवाल यह है कि किसानों की बार-बार मिल रही शिकायतों के बावजूद नलकूपों को निशाना बनाने वाले चोरों पर कब शिकंजा कसेगा? किसानों को पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा की उम्मीद है।**

पुलिस को शिकायत देने वालों में दिनेश, संदीप सैनी, रणवीर सिंह, मान सिंह और पवन सहित अन्य
किसान शामिल रहे।




