उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

कलियर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 हजार का इनामी नशा तस्कर गाजियाबाद से गिरफ्तार

करीब एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा, 21 किलो गांजा तस्करी के मामले में था फरार; ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने दबोचा

 

रुड़की/हरिद्वार। नशा तस्करों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत थाना पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था और 21 किलोग्राम अवैध गांजा तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को एएनटीएफ टीम ने बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नामक आरोपी को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आया था कि बरामद गांजा अमजद सिद्दिकी निवासी गाजियाबाद से लाया गया था, जिसे कलियर क्षेत्र में एक महिला को पहुंचाया जाना था। इस मामले में थाना कलियर में मुकदमा संख्या 191/25 दर्ज किया गया था।

मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर आरोपपत्र न्यायालय भेज दिया गया था, जबकि मुख्य सप्लायर बताया जा रहा अमजद सिद्दिकी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार गाजियाबाद स्थित उसके ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को लगातार चकमा देता रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

 

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और लगातार प्रयासों के बाद 7 नवंबर 2026 को गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार क्षेत्र स्थित लोनी से आरोपी अमजद सिद्दिकी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

 

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल (प्रभारी चौकी इमलीखेड़ा), हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के नेटवर्क पर एक महत्वपूर्ण प्रहार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button