उत्तराखंडदेहरादून

पर्वतीय क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित करने पर जोर, राज्यपाल ने उद्योग विभाग को दिए निर्देश

। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शुक्रवार को लोक भवन में उद्योग विभाग के महानिदेशक डॉ. सौरभ गहरवार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास, उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी राज्यपाल को दी गई।

डॉ. सौरभ गहरवार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एमएसएमई नीति, स्टार्टअप नीति और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) सहित प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनके माध्यम से रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन, उद्यमिता विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विभाग की विभिन्न सफल पहलों और सफलता की कहानियों से भी राज्यपाल को अवगत कराया।

 

राज्यपाल ने एमएसएमई क्षेत्र को राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसके सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने से वहां की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार सुधार और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

 

बैठक में राज्यपाल ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इकोनॉमी, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इन क्षेत्रों को उत्तराखंड के औद्योगिक विकास के प्रमुख फोकस एरिया के रूप में विकसित करने तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नीतिगत पहल करने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button