**रुड़की।** श्री सनातन धर्म प्रकाश चन्द्र कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुड़की में छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और परीक्षा संबंधी तनाव को कम करने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर को ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन’ विषय पर माइंडफुलनेस योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को ध्यान, सकारात्मक सोच और एकाग्रता के माध्यम से मानसिक शांति प्राप्त करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी दीपिका बहन एवं राशि बहन ने छात्राओं को मेडिटेशन का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान मन को शांत रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने में सहायक होता है। उन्होंने छात्राओं को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और अपने विचारों पर नियंत्रण रखने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा गर्ग ने कहा कि परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसे तनाव और भय का कारण नहीं बनाना चाहिए। नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और योग-ध्यान के माध्यम से छात्राएं अपने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकती हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं एंटी-ड्रग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी बेहद जरूरी है। परीक्षा के दौरान छात्राओं को नियमित दिनचर्या अपनानी चाहिए और योग, ध्यान तथा प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. भारती शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अपनी भावनाओं को समझने, पर्याप्त विश्राम लेने तथा पढ़ाई और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति तथा एकाग्रता बढ़ाने के तरीके सीखे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को परीक्षा के तनाव से उबरने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
**प्राचार्या एवं महाविद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वस्थ, सकारात्मक और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का
संदेश दिया।**




