उत्तराखंडहरिद्वार

आचार्यकुलम् ने जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में लहराया परचम, हासिल किया प्रथम स्थान

 

 

 

 आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों ने छठी हरिद्वार जनपद योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक अर्जित किए और जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान में हर्षोल्लास का माहौल रहा।

परमपूज्य स्वामी रामदेव और परमश्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण द्वारा स्थापित आवासीय शिक्षण संस्थान आचार्यकुलम् में योग के प्रति विद्यार्थियों की प्रतिभा और समर्पण एक बार फिर देखने को मिला। संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न आयु वर्गों और योगासन श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि 10 और 11 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुकुल कांगड़ी संस्कृत महाविद्यालय, कनखल, हरिद्वार में दो दिवसीय छठी हरिद्वार जनपद योगासन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में योगासन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बालक-बालिकाओं को अभी से योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

 

प्रतियोगिता में जनपद के लगभग 150 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपने योग कौशल का प्रदर्शन किया। इसमें अंडर-14, अंडर-18 और 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया।

 

**विभिन्न योगासन स्पर्धाओं में जीते पदक**

 

रिदमिक युगल योगासन प्रतियोगिता में अथर्व सिंह नेगी, यथार्थ शाह, अविशी अवि, प्रारंभिका मिश्रा, गोपाल सिंह और नील नितिन मुकेश ने स्वर्ण पदक हासिल किए। तनिष्का अग्रवाल और यति यश्वी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

 

आर्टिस्टिक युगल योगासन स्पर्धा में अविशी अवि, प्रारंभिका मिश्रा, यशोदा देवी, अनाया पंडित, सर्विल मोरेश्वर डोगरे, अमृत सिन्हा, दक्ष मलिक और गोपाल सिंह ने स्वर्ण पदक जीते। प्रतिष्ठा यादव, अथर्व सिंह नेगी, यथार्थ शाह और तनिष्का अग्रवाल ने रजत पदक प्राप्त किए, जबकि सानवी और अनुष्का पांडेय ने कांस्य पदक हासिल किया।

 

ट्रेडिशनल एकल योगासन मुकाबले में अथर्व सिंह नेगी, गोपाल सिंह और तनिष्का अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीते। अमृत सिन्हा, प्रारंभिका मिश्रा, दक्ष मलिक और त्रिशा ने कांस्य पदक प्राप्त किए।

 

वहीं, आर्टिस्टिक एकल योगासन प्रतियोगिता में गोपाल सिंह और यथार्थ शाह ने स्वर्ण पदक हासिल किए। निवेदिता बिष्ट, नील नितिन मुकेश और सर्विल मोरेश्वर ने रजत पदक जीतकर संस्थान की उपलब्धियों में इजाफा किया।

 

**संस्थान ने विद्यार्थियों को दी बधाई**

 

आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’ और प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी ने विजेता विद्यार्थियों को शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले विशेष योगाचार्य श्री उदयवीर दादाजी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर पतंजलि कैरियर अकादमी के प्रमुख श्री प्रदीप, आचार्यकुलम् के उपप्राचार्य श्री तापस कुमार बेरा, समन्वयिका श्रीमती दीपा, क्रीड़ाध्यक्ष एवं मुख्य छात्रपाल श्री अमित दानी सहित सभी आचार्य, कर्मचारी और योग प्रेमी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को योग शिक्षा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के प्रति उनके समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। संस्थान को उम्मीद है कि विद्यार्थी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और

संस्थान का गौरव बढ़ाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button