सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक, यूनियन ने सौंपा मांग पत्र
रुड़की। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष कुमार गौरव की अध्यक्षता में नगर निगम रुड़की में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दो सहायक नगर आयुक्त, अधिष्ठान लिपिक, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ कर्मचारी यूनियन की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लिखित मांग पत्र सौंपा गया। यूनियन ने स्वच्छता समिति एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने, समान कार्य के लिए समान वेतन, कूड़ा वाहन चालकों को ₹30,000 वेतन दिलाने, चालकों के काटे गए वेतन को वापस दिलाने तथा थर्ड पार्टी कंपनी को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
यूनियन पदाधिकारियों ने पक्के कर्मचारियों के वेतन में की जा रही कटौती का मुद्दा भी बैठक में रखा। कर्मचारियों का आरोप है कि समस्याओं को गंभीरता से सुना नहीं गया, जिससे सफाई कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली।
बैठक में सफाई नायक, यूनियन शाखा अध्यक्ष विनेश सोदाई, नगर महामंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेश घोघलिया, राजीव सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।




