उत्तराखंडदेहरादून

राज्यपाल गुरमीत सिंह के पांच वर्ष के कार्यकाल पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन, सेवा और नवाचार की उपलब्धियों को किया गया संकलित

 

** उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को लोक भवन में *‘सेवा, समर्पण और नवाचार के पांच वर्ष’* शीर्षक से तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर की ओर से तैयार इस पुस्तक में राज्यपाल के पांच वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी पहलों और नवाचार से जुड़े प्रयासों को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2026 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पांच वर्ष पूरे किए। इस अवधि के दौरान शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, सामाजिक सरोकारों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में की गई विभिन्न पहलों को पुस्तक में स्थान दिया गया है।


**जनसेवा और नवाचार के प्रयासों का दस्तावेज है पुस्तक**

 

पुस्तक के विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह केवल पांच वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों का संकलन नहीं है, बल्कि सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, नए विचारों और जनहित में किए गए प्रयासों का दस्तावेज भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक में प्रस्तुत पहलें प्रदेश में नवाचार, जनभागीदारी और विकास को नई दिशा देने के लिए प्रेरित करेंगी।

 

राज्यपाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में पांच वर्ष का सफर उनके लिए सेवा, सीखने और प्रदेश के लोगों से जुड़ने की प्रेरणादायक यात्रा रहा है। देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि लोक भवन जनभावनाओं से जुड़कर जनकल्याण, नवाचार और विकास से संबंधित नए विचारों को आगे बढ़ाने का केंद्र बने।

 

**आरटीआई वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रतिभागी भी सम्मानित**

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने लोक भवन में हाल ही में आयोजित सूचना का अधिकार (आरटीआई) विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को सूचना के अधिकार के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता के महत्व को समझने का अवसर मिला।

 

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button