गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ियों सूरज चौधरी एवं सैम अली को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल टेस्ट सीरीज़ में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया।

सूरज चौधरी के लिए यह उपलब्धि विशेष रूप से उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए ( उप कप्तान के रूप में) शानदार प्रदर्शन किया और टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पूर्व भी सूरज चौधरी शूटिंग बॉल विश्व कप में भारतीय टीम के साथ रजत पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी उपलब्धियाँ उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्मान प्राप्त करने पर सूरज चौधरी एवं सैम अली ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी देश और उत्तराखंड के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा।




