सैनी महापंचायत संगठन उत्तराखंड की ओर से ग्राम हददीवाला में सामाजिक विषयों पर चर्चा एवं संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित सैनी की उपस्थिति में तथा प्रदेश महासचिव शिवकुमार सैनी एवं जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सैनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाज के सम्मानित लोगों ने भाग लेकर सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव शिवकुमार सैनी, वरिष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य यशवंत सैनी, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सैनी, राहुल सैनी, मोहित सैनी, मनोज सैनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष अंकित सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और जिम्मेदार सदस्य का दायित्व है कि वह समाज में फैली कुरीतियों एवं बुराइयों को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि संगठन समाज विरोधी ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करते हुए समाज के हित, शिक्षा, एकता और युवा जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया। बैठक में समाज के विकास, आपसी भाईचारे और संगठन के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर हददीवाला, शेखवाला, इब्राहिमपुर, मसाईकला, गुम्मावाला, माजरी, मानूबास, नागल और पलूनी सहित आसपास के अनेक गांवों से संगठन के कार्यकर्ता एवं समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।




