उत्तराखंडरूडकीहरिद्वार

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत

 

 

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को हरिद्वार में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी-भरकम लोहे के चैनल (गाटर) के गिरने से दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के मोदीपुरम निवासी कृष्णा (22) और तनुज कुमार कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ देर विश्राम करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसी समय तेज आवाज में बज रहे डीजे के कंपन के बीच वहां रखा भारी लोहे का गाटर खिसककर दोनों शिवभक्तों के ऊपर आ गिरा।

 

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

इस हादसे के बाद मृतकों के साथ आए अन्य कांवड़ियों का रो-रोकर बुरा हाल है। कांवड़ यात्रा का उत्साह पलभर में मातम में बदल गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे के गाटर किस परिस्थिति में रखे गए थे और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button