उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

आज वसंत विहार, देहरादून स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

 

 

मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूडी, एवीएसएम, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, भारत सरकार के निधन के उपरांत आज वसंत विहार, देहरादून स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

 

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने मेजर जनरल खण्डूडी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सादगी और जनसमर्पित जीवन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “जनरल साहब से पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनका कृतित्व सदैव उत्तराखंड वासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं।”

उन्होंने इस दुखद घड़ी में मेजर जनरल खण्डूडी की पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण एवं पुत्र मनीष खण्डूडी को धैर्य बनाए रखने और पिता के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संबल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने परिवार के अन्य सदस्यों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

 

भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा, “जनरल साहब की कार्यशैली अद्वितीय थी। संगठन और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।” उन्होंने कहा कि जनरल खण्डूडी का व्यक्तित्व अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था।

श्रद्धांजलि के दौरान एक अत्यंत भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा अन्य वरिष्ठ नेता मेजर जनरल खण्डूडी के पुत्र मनीष खण्डूडी के साथ भूमि पर बैठकर उनके दुख में सहभागी बने। नेताओं ने परिवार के साथ समय बिताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया।

 

इस दौरान उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button