वीर सावरकर जयंती पर बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह, निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
बहादराबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “मेरा युवा भारत” अभियान के अंतर्गत ब्लॉक बहादराबाद की राम धाम कॉलोनी में वीर विनायक दामोदर सावरकर जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की।
इस अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने वीर सावरकर जी के जीवन संघर्ष, राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने अपने लेखों के माध्यम से देश के प्रति समर्पण, सामाजिक जागरूकता एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक प्रेरणा सैनी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वीर सावरकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और प्रेरणादायक विचारों से गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने इस प्रकार के आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की




