रुड़की। प्रकाश चंद्र कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुड़की में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में डॉ. अर्चना चौहान के संयोजन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंध तंत्र के सचिव सौरभ भूषण शर्मा एवं प्राचार्य द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्राओं ने भी दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सचिव सौरभ भूषण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शास्त्री जी के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि खाद्यान्न संकट के समय उन्होंने स्वयं उपवास रखकर उदाहरण प्रस्तुत किया और देशवासियों से भी सहयोग का आह्वान किया। उनका जीवन त्याग, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश देता है।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी के विचार केवल इतिहास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने छात्राओं से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन एवं आत्मनिर्भरता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” के माध्यम से देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का महत्व समझाया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” की भावपूर्ण सामूहिक प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त कविता पाठ, नृत्य, गांधी जी के आदर्शों पर आधारित काव्य प्रस्तुति तथा स्वच्छता विषय पर भाषण के माध्यम से छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इन प्रस्तुतियों ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की प्रस्तुतियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। आयोजन ने छात्राओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. अलका आर्य, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. कामना जैन, अंजलि प्रसाद, डॉ. मधु मेहरा, डॉ. काजल सहित बीए एवं बीएससी की प्रवक्तागण, महाविद्यालय के कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ, समरस एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।




