इमलीखेड़ा (हरिद्वार)। कलियर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत इमलीखेड़ा में नेताओं के वादों और जमीनी हकीकत को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मामला श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क का है, जहां एक समय स्थानीय जनता खुद अपने स्तर पर मिट्टी डालकर रास्ते को ठीक करने में जुटी हुई थी। जनता श्रमदान कर रही थी, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
इसी दौरान भाजपा के एक नेता भी मौके पर पहुंचे थे। जनता को काम करते देखकर उन्होंने श्मशान घाट पर नल लगवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, आज तक न तो वह नल लगा और न ही उस वादे को पूरा करने की कोई ठोस पहल दिखाई दी।
अब इमलीखेड़ा की जनता के मन में एक बड़ा सवाल है कि आखिर उस दिन भाजपा नेता मौके पर क्यों पहुंचे थे? क्या जनता की परेशानी दूर करना मकसद था या फिर अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाना? अगर जनता के बीच जाकर वादा किया था तो उसे पूरा करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए थी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जनता अपने पैसे और मेहनत से श्मशान घाट की सड़क पर मिट्टी डाल रही थी, तब नेता ने जो आश्वासन दिया था, वह आज कहां खो गया?
वहीं, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कलियर विधानसभा में भाजपा नेताओं की सक्रियता भी बढ़ रही है। चुनाव की तैयारियों के बीच इमलीखेड़ा की जनता अब पुराने वादों का हिसाब मांग रही है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय हाथ जोड़कर समर्थन मांगने से पहले नेताओं को अपने अधूरे वादों पर भी जवाब देना चाहिए।
जनता का सीधा सवाल है—क्या राजनीति सिर्फ जनता के बीच पहुंचकर वादे करने तक सीमित रह गई है? क्या श्मशान घाट पर नल लगवाने जैसा छोटा काम भी पूरा नहीं किया जा सकता?
अब देखना यह होगा कि 2027 के चुनावी माहौल में भाजपा नेता जनता के बीच पहुंचने से पहले अपना पुराना वादा पूरा करते हैं या फिर इमलीखेड़ा की जनता को एक बार फिर आश्वासन ही सुनने को मिलेंगे।
जनता को चुनावी वादे नहीं, जमीन पर काम चाहिए। क्योंकि जनता सब देखती है और किए गए वादे भी याद रखती है।




