*अंकिता भंडारी केस, सामने आए पुलकित के पिता विनोद आर्य, बोले- कोई वीआईपी नहीं, माता-पिता जिम्मेदार*
हरिद्वार: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए. इस दौरान उन्होंने अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ मामले से जुड़ी कथित व्हाट्सअप चैट सार्वजनिक की. विनोद आर्य का दावा है कि चैट में कहीं भी उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम नहीं है, ना ही किसी वीआईपी का जिक्र किया गया है. विनोद आर्य ने अंकिता के माता-पिता और दोस्त पर उसे (अंकिता) को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
4085 पेज की चैट लेकर सामने आए विनोद आर्य: दरअसल, अंकिता भंडारी मर्डर केस के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व बीजेपी से दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य आज यानी 15 नवंबर को मीडिया के सामने मुखातिब हुए. जिसके तहत उन्होंने अंकिता भंडारी से जुड़ी करीब 4085 पेज की व्हाट्सअप चैट साझा किया.
अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य का बयान (वीडियो- ETV Bharat)
माता-पिता और दोस्त पर अंकिता को प्रताड़ित करने का लगाया आरोप: विनोद आर्य का कहना है कि यह चैट बुक उन्हें साल 2023 में कोर्ट से मिली थी. जिसकी हस्तलिखित कॉपी करीब 4085 पेज की है. उन्होंने दावा किया कि उनके पास मौजूद चैट से घटना से जुड़े कई तथ्यों पर नए सवाल खड़े होते हैं. चैट के आधार पर उन्होंने अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता-पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्हें मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि,
“पुलकित की अंकिता के साथ कोई चैट नहीं है, फिर भी उसे सजा हुई. चैट में अंकिता को पुलकित आर्य नहीं, बल्कि अन्य लोग प्रताड़ित कर रहे थे. जिसमें उसके माता-पिता और दोस्त शामिल हैं. उन्हें भी जांच में शामिल किया जाए.”- विनोद आर्य, पुलकित आर्य के पिता
अंकिता भंडारी केस में कोई वीआईपी नहीं: विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया. साथ ही मामले में किसी भी वीआईपी के शामिल होने से साफ इनकार किया. उन्होंने कहा कि,
“मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया. इस केस में जिस वीआईपी का नाम बार-बार उठाया जा रहा है, वो कोई वीआईपी है ही नहीं. मैं चैट और अन्य तथ्यों को जांच एजेंसी के सामने रखना चाहता हूं. ताकि, मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके.”- विनोद आर्य, पुलकित आर्य के पिता
जनदबाव और जनभावना में आकर बेटे और उसके साथियों को हुई सजा: विनोद आर्य ने जनदबाव और जनभावनाओं में बहकर एसआईटी पर गलत जांच करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस और एसआईटी को चैट के आधार पर जांच करने को कहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि,
“जनभावना और जनदबाव में आकर मेरे बेटे पुलकित और उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. मैंने जो चैट पेश की है, उसमें जो दोषी हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए.”- विनोद आर्य, पुलकित आर्य के पिता
बेटे और परिवार को किया जा रहा प्रताड़ित: विनोद आर्य ने मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच के दौरान इस चैट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए. ताकि, सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल हो सके. साथ ही बेटे और परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया.




