इमलीखेड़ा। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-02 स्थित ग्राम गुम्मावाला में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसकी सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन रोड के मीडिया प्रभारी वारिश मलिक बिना देर किए मौके पर पहुंचे, क्षेत्र का निरीक्षण किया और जलभराव की समस्या को नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत इमलीखेड़ा की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मंजू चौहान निर्देश पर तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से जल निकासी का रास्ता साफ किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान वारिश मलिक ने कहा कि बरसात के मौसम में आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उसका शीघ्र समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सैनी नगर पंचायत कर्मचारी साहब सिंह, आकाश, अभिषेक पाल, सफाई कर्मचारी मनोज कुमार सहित गांव के गणमान्य बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने समय पर शुरू हुई कार्रवाई का स्वागत करते हुए नगर पंचायत से बरसात के दौरान नियमित रूप से नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इसी प्रकार समय रहते जलभराव की समस्याओं पर कार्रवाई होती रही, तो बरसात के मौसम में लोगों को काफी राहत मिलेगी और जनजीवन सामान्य बना रहेगा।




