नगर पंचायत इमलीखेड़ा में क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत हुई। भारत सरकार की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी के हाथों किया गया। केंद्र के प्रारंभ होने से अब क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयाँ किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।

शुभारंभ समारोह में पूर्व चेयरमैन अनिल पाल, समिति उपाध्यक्ष मधु सैनी, केंद्र संचालक अभिनव सैनी, नर्सिंग सैनी, राकेश कुमार, संदीप पाल, समिति सचिव चरण सिंह, गौरव पाल, तेजपाल, नरेंद्र सैनी, रविंद्र सैनी, यूनुस रोड, सोनू पाल, राकेश पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज पाल, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र आमजन को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने केंद्र के सफल संचालन की शुभकामनाएँ दीं।




