रिपोर्ट अभिषेक सैनी
अखिल भारतीय हिंदू क्रांति दल युवा मोर्चा उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित 9वें निशुल्क विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शिविर के शुभारंभ के अवसर पर पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे।

पूजा-अर्चना के उपरांत शिव भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया तथा शिविर में आने वाले कांवड़ यात्रियों की सेवा का शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भंडारे में अपना सहयोग दिया और हवन-पूजन में सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में निर्दलीय नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान सैनी एवं भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रोमा सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है और ऐसे सेवा शिविर समाज में सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश देते हैं।

शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन समिति ने बताया कि श्रावण मास के दौरान शिविर निरंतर संचालित रहेगा और हजारों कांवड़ यात्रियों की सेवा की जाएगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू क्रांति दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सेवा भावना और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।




