हरिद्वार,भगवानपुर । जिला हरिद्वार के ग्राम डाडा जलालपुर में डॉ. रामनाथ सैनी रामलीला सेवा समिति के तत्वावधान में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित होने वाली 53वीं भव्य रामलीला के शुभारंभ की तैयारियां विधिवत प्रारंभ हो गई हैं।
रामलीला प्रांगण में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीराम का पावन ध्वज स्थापित किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम डाडा जलालपुर में रामलीला का यह आयोजन वर्षों से धार्मिक,सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता का प्रतीक रहा है। 53 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा नई पीढ़ी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म,त्याग और सदाचार की प्रेरणा देने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियों ने आगामी रामलीला को सफल एवं भव्य बनाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। रामलीला सेवा समिति ने सभी क्षेत्रवासियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीराम की लीला का श्रवण एवं दर्शन करने का आह्वान किया। रामलीला सेवा समिति डाडा जलालपुर की ओर योगेंद्र सैनी,सूर्यकांत सैनी,मा.दिनेश सैनी,पंडित आशीष शर्मा,महावीर सैनी, अभिमन्यु सैनी,ओम प्रकाश सैनी,डॉ रजनीश सैनी,देशराज, सुखविंदर सैनी,सचिन सैनी, अमन सैनी, संजय सैनी,सेठ राज एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे l




