84 यूके बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया ने हरिद्वार यूनिवर्सिटी, रुड़की का वार्षिक एनसीसी निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर एएनओ लेफ्टिनेंट सुमित चौहान एवं एनसीसी इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान 84 यूके बटालियन एनसीसी के सूबेदार सुभाषचंद्रा भी मौजूद रहे। संपूर्ण निरीक्षण प्रक्रिया एएनओ लेफ्टिनेंट सुमित चौहान एवं एनसीसी इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी के समन्वय में संपन्न हुई।
कर्नल जगदीश अलमिया ने विश्वविद्यालय में एनसीसी से संबंधित दस्तावेजों, अभिलेखों और प्रशिक्षण गतिविधियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सीनियर डिवीजन एवं सीनियर विंग के कैडेट्स से संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण, अनुभव और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।

इस दौरान कैडेट आकाश के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने कमान अधिकारी को अनुशासित ढंग से सैल्यूट एवं सैन्य अभिवादन प्रस्तुत किया। कैडेट्स की शानदार प्रस्तुति ने एनसीसी के अनुशासन और प्रशिक्षण की झलक प्रस्तुत की।
इसके बाद कैडेट कनिका राजपूत ने कमान अधिकारी को विश्वविद्यालय की इंटरनल शूटिंग रेंज का निरीक्षण कराया। कर्नल जगदीश अलमिया ने शूटिंग रेंज की व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया और कैडेट्स से प्रशिक्षण को लेकर बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान थल सेना कैंप (टीएससी) में प्रतिभाग कर चुके कैडेट राहुल से भी कमान अधिकारी ने बातचीत की। उन्होंने कैडेट्स की उपलब्धियों और प्रशिक्षण पर चर्चा करते हुए उन्हें एनसीसी के माध्यम से निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कमान अधिकारी ने विश्वविद्यालय के ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग कोर्स सहित कैंपस की अन्य प्रमुख सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने तथा कैडेट्स को आगामी प्रतियोगिताओं एवं चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स अक्षय कुमार, प्रिंस यादव, अर्पणा चौधरी, प्रशांत छेत्री, विनय यादव सहित अन्य कैडेट्स एवं एनसीसी स्टाफ मौजूद रहा।
निरीक्षण के अंत में कर्नल जगदीश अलमिया ने हरिद्वार यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर डॉ. आदर्श आर्या से मुलाकात की। इस दौरान एनसीसी की आगामी गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 84 यूके बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया, सूबेदार सुभाषचंद्रा एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।




