उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

नैनो उर्वरकों के क्षेत्र प्रदर्शन को लेकर इफको ने आयोजित किया किसान दिवस

लक्सर के नगला खिताब में 70 से अधिक किसानों ने लिया भाग, जैव अपघटक का किया गया निःशुल्क वितरण

 

। इफको, हरिद्वार के तत्वावधान में मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को ग्राम नगला खिताब, ब्लॉक लक्सर में प्रगतिशील किसान अमरदीप चौधरी के खेत पर धान की फसल में नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के अंतर्गत किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 70 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग कर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको, नई दिल्ली के निदेशक प्रदीप चौधरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि इफको उत्तराखंड के राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान एवं ग्राम प्रधान नगला खिताब नरेंद्र चौधरी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ इफको हरिद्वार के क्षेत्रीय अधिकारी विनोद कुमार जोशी ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के महत्व तथा किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

 

इफको के क्षेत्र अधिकारी प्रियंश दीक्षित ने किसानों को जल विलेय उर्वरकों एवं मृदा परीक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं गन्ना विकास सहकारी समिति लक्सर के सचिव परमेंद्र कुमार ने गन्ना विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं किसान हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

कृषि विज्ञान केंद्र धनोरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वाईपी सैनी ने किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र की योजनाओं, सेवाओं और तकनीकी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा नैनो उर्वरकों जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने पर जोर दिया।

 

कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी हरिद्वार अमरेंद्र चौधरी ने कृषि विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं किसान कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने जैविक खेती, प्राकृतिक खेती और एकीकृत उर्वरक प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

 

इफको उत्तराखंड के राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार ने इफको के विभिन्न कृषि उत्पादों, विशेषकर नैनो उर्वरकों के उपयोग, लाभ एवं प्रयोग की सही विधि के बारे में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों का अनुशंसित मात्रा और उचित विधि से प्रयोग करने से उर्वरक उपयोग दक्षता में सुधार, उत्पादन लागत में कमी तथा मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण में मदद मिल सकती है। उन्होंने जैव उर्वरकों और बायो डी-कंपोजर के उपयोग के बारे में भी किसानों को जागरूक किया।

 

मुख्य अतिथि प्रदीप चौधरी ने मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण और कृषि में आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए किसानों से उर्वरकों का संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों को कृषि क्षेत्र में उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

इस दौरान किसानों को अमरदीप चौधरी के खेत पर धान की फसल में लगाए गए नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन का भ्रमण कराया गया। किसानों को प्रदर्शन की तकनीकी जानकारी देने के साथ आधुनिक उर्वरक प्रबंधन तकनीकों के महत्व से अवगत कराया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में इफको की ओर से उपस्थित किसानों को जैव अपघटक (बायो डी-कंपोजर) का निःशुल्क वितरण किया गया।

 

कार्यक्रम में विकासखंड प्रभारी कृषि शेरपाल सिंह, इफको बाजार लक्सर के राहुल पंवार, SFA लक्सर आशीष गुप्ता, FA नैनो वेंशन रोहित नागर सहित 70 से अधिक प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button