हरिद्वार: योगऋषि स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण की प्रेरणा से स्थापित पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी में दो वर्षीय आवासीय यूपीएससी (UPSC) फाउंडेशन कोर्स के पहले बैच की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। पतंजलि की ओर से भोजन और आवास की एकीकृत सुविधा के साथ संचालित होने वाला यह संभवतः देश का पहला ऐसा आवासीय सिविल सर्विसेज कोचिंग संस्थान है, जहां अभ्यर्थियों को समग्र शैक्षणिक एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
31 जुलाई को प्रवेश का अंतिम अवसर
अकादमी में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जो अभ्यर्थी अब तक प्रवेश नहीं ले सके हैं, उनके लिए 31 जुलाई 2026 अंतिम अवसर होगा। पतंजलि के अनुसार, 30 जुलाई तक ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन करने वाले अभ्यर्थियों को ऑन-द-स्पॉट प्रवेश प्रक्रिया के लिए 31 जुलाई को प्रातः 9 बजे तक पतंजलि विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित होना होगा। उसी दिन उनका साक्षात्कार (इंटरव्यू) आदि लिया जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल कक्षाएं ज्वाइन करनी होंगी, क्योंकि पहले बैच का शैक्षणिक सत्र पहले ही प्रारंभ हो चुका है।
250 से अधिक छात्रों का चयन, विशेषज्ञ फैकल्टी दे रही प्रशिक्षण
अकादमी के चेयरमैन अवध ओझा एवं पतंजलि योगपीठ के स्वामी पुण्य देव ने बताया कि संस्थान के पहले सत्र का शुभारंभ सफलतापूर्वक हो चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक 250 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जा चुका है। यूपीएससी की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों की अनुभवी फैकल्टी की टीम पूरी तरह तैयार है। अनुभवी फैकल्टी में नमन जैन, चंद्रमौली चौधरी, कनिष्क शेखर, अतुल गर्ग, रवि अग्रहरी शामिल हैं। दो वर्षीय इस गहन फाउंडेशन कोर्स में अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार सहित सिविल सेवा परीक्षा के सभी चरणों की समग्र एवं व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी।
अनुशासित आवासीय वातावरण में होगी तैयारी
पतंजलि का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि अनुशासित जीवनशैली, सकारात्मक वातावरण और समग्र व्यक्तित्व विकास के साथ प्रशासनिक सेवाओं के लिए तैयार करना है। भोजन, आवास और अध्ययन की एकीकृत व्यवस्था के कारण अभ्यर्थियों को पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।
प्रशासनिक सेवाओं को नई दिशा देने का लक्ष्य
संस्थान का कहना है कि पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी (https://patanjalicivilserviceacademy.com) की स्थापना का उद्देश्य देश के प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट नेतृत्व तैयार करना है। उनका विश्वास है कि यह पहल भविष्य में भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था को नई सोच, नई ऊर्जा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित अधिकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




