सल्हापुर गांव में ग्राम प्रधान लखन रोड़ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन रोड़ के नेता पदम सिंह रोड ने फीता काटकर किया। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था। इस सामाजिक पहल में गांव के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी भी ग्राम प्रधान लखन रोड़ के आवास पहुंचीं। उन्होंने ग्राम प्रधान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को समाज सेवा से जोड़ना अत्यंत प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान” है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज, दुर्घटना पीड़ित या जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधान लखन रोड़ ने रक्तदान शिविर में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, अतिथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गांव में ऐसे जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

शिविर का आयोजन कराने वाली संस्था के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने बताया कि बेलड़ी सल्हापुर गांव के लोगों ने रक्तदान शिविर को लेकर काफी उत्साह दिखाया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिससे आयोजन पूरी तरह सफल रहा। ब्लड डोनेट संस्था की टीम ने प्रधान लखन रोड़ को मुमेंटो देकर सम्मानित किया
इस अवसर पर अंकित रोड, गौरव रोड, सचिन कुमार, कमलदीप चौधरी, जितेन्द्र कुमार, संदीप सैनी, विशू सैनी, विशू पवार, अभय चौधरी, शुभम चौधरी, प्रधान लखन रोड़ , ललित सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर का समापन सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के सम्मान के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल देखने को मिली, जिसकी उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।



