रुड़की। हिंदी साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. रजनीश सैनी ‘राजेंद्र’ ने क्वांटम यूनिवर्सिटी, रुड़की के कुलपति प्रोफेसर विवेक कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. रजनीश सैनी ने उनके समक्ष अपनी लिखित पुस्तकें ‘सच्चे देशभक्त’ एवं ‘देश के रत्न भारत रत्न’ भेंट कीं।
डॉ. रजनीश सैनी ने बताया कि उनकी पुस्तक ‘सच्चे देशभक्त’ देश के प्रति समर्पण, त्याग एवं राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित है, जबकि ‘देश के रत्न भारत रत्न’ भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत महान विभूतियों के जीवन एवं योगदान को पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर प्रो.विवेक कुमार ने डॉ.रजनीश सैनी के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति, समाजसेवा एवं महान व्यक्तित्वों के योगदान को साहित्य के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना एक महत्वपूर्ण कार्य है। कुलपति प्रो.विवेक कुमार की माता वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार डॉ.सरला वर्मा द्वारा लिखित पुस्तक उपहार स्वरूप काव्य संग्रह ‘ सुनहरे सपने एवं ‘ भावुक मन के पंख ‘ दोनों पुस्तकें डॉ.रजनीश सैनी को भेंट दी ।



