रुड़की, 24 सितंबर 2026। हरिद्वार यूनिवर्सिटी, रुड़की में 84 यूके बटालियन NCC के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया के दिशा-निर्देशन में सीनियर डिवीजन NCC कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भर्ती प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया, जिसमें निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर कुल 64 कैडेट्स का चयन किया गया।

भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता एवं निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रतिभा और क्षमता का मूल्यांकन किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का परिचय देते हुए NCC में शामिल होने के लिए अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक वी.के. सैनी, रजिस्ट्रार एवं एसोसिएट NCC ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमित चौहान, NCC इंस्ट्रक्टर अनूप सैनी एवं क्लेरिकल स्टाफ अनंत राम उपस्थित रहे। वहीं 84 यूके बटालियन NCC की ओर से नायब सूबेदार सुनील बिष्ट एवं हवलदार राजेंद्र सिंह ने भर्ती प्रक्रिया में उपस्थित रहकर इसके सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए 84 यूके बटालियन NCC के अधिकारियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। साथ ही चयनित सभी 64 कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि NCC युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। चयनित विद्यार्थियों से उम्मीद जताई गई कि वे NCC के आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करेंगे तथा विश्वविद्यालय और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे




