देहरादून प्रवास के दौरान राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रहे गदरपुर के बाहुबली विधायक अरविंद पांडे, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून प्रवास के दौरान राजधानी के होटल वेलकम मीडिया में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम में गदरपुर के बाहुबली विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे आकर्षण का केंद्र बने रहे। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों में उनके साथ फोटो खिंचवाने और मुलाकात करने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
होटल परिसर में सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही। जैसे ही अरविंद पांडे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान कई युवा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गलियारों में भी अरविंद पांडे की सक्रियता, संगठन में पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत लोकप्रियता चर्चा का विषय बनी रही।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि अरविंद पांडे हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच रहने वाले नेता हैं और उनकी पहचान एक मजबूत जमीनी नेता के रूप में बनी हुई है। यही कारण है कि प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में उनके प्रति विशेष उत्साह और सम्मान देखने को मिलता है। कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी उनसे मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
प्रदेश पदाधिकारी बैठक में संगठन विस्तार, आगामी चुनावी रणनीति, बूथ सशक्तिकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने को लेकर महत्वपूर्ण मंथन किया गया। बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गदरपुर क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में भी अरविंद पांडे की सक्रिय भूमिका लगातार मजबूत होती दिखाई दे रही है। देहरादून प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह इस बात का संकेत माना जा रहा है कि संगठन के भीतर उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है।




