प्रेस क्लब रुड़की समिति के कार्यालय में आज हिंदी पत्रकारिता दिवस बड़े उत्साह, गरिमा और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया और हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जुगल किशोर शुक्ल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, उसके संघर्ष, समाज में उसकी भूमिका तथा वर्तमान समय में मीडिया की जिम्मेदारियों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सशक्त आवाज और समाज के हर वर्ग की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित “उदन्त मार्तण्ड” हिंदी का पहला समाचार पत्र था, जिसने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य हमेशा समाज को जागरूक करना, सच को सामने लाना और जनहित की आवाज को बुलंद करना रहा है।
पूर्व अध्यक्ष बबलू सैनी ने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण और जोखिमभरा कार्य है। बदलते दौर में मीडिया के स्वरूप में तेजी से परिवर्तन आया है और तकनीक के विस्तार के साथ पत्रकारिता के नए माध्यम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के इस दौर में भी मीडिया को अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखना चाहिए।
पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है, लेकिन पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और मूल्यों से दूरी बनाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम मानते हुए उसके उद्देश्यों को अपनाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे महासचिव अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसकी विश्वसनीयता तभी बनी रह सकती है, जब पत्रकार निष्पक्षता, ईमानदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ कार्य करें। उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता के उद्देश्यों को समझते हुए समाजहित में कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारिता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों से समाज और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गीतकार नफीसुल हसन द्वारा पत्रकारिता दिवस पर प्रस्तुत विशेष गीत ने सभी का मन मोह लिया, जिसकी उपस्थित पत्रकारों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में अध्यक्ष दी
पक मिश्रा, महासचिव अश्वनी उपाध्याय, उपाध्यक्ष रियाज कुरेशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा, बबलू सैनी, योगराज पाल, शशांक सिंघल, राहुल सक्सेना, संदीप पोहीवाल, सुनील पटेल, अभिषेक शर्मा, अमित सैनी, मिक्की जैदी, रवि सक्सेना, अनिल त्यागी, टीना शर्मा, अनिल सैनी, साजिद, राव सरवर, आदित्य चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।




