इमलीखेड़ा। नगर पंचायत इमलीखेड़ा में कूड़ा निस्तारण को लेकर अब मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। मेहवड़ खुर्द सहकारी समिति लिमिटेड ने नगर पंचायत अध्यक्ष/अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर समिति की भूमि पर कूड़ा डाले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति ने साफ शब्दों में कहा है कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद यदि भूमि पर कूड़ा डालना जारी रहा तो मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

समिति की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि पूर्व में भी नगर पंचायत को समिति की भूमि पर कूड़ा डालने से रोकने तथा पहले से पड़े कूड़े को हटाने के लिए सूचित किया गया था। समिति का आरोप है कि लिखित और मौखिक रूप से जानकारी देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

अन्न भंडारण योजना के तहत प्रस्तावित है गोदाम
नोटिस में समिति ने बताया कि जिस भूमि पर कूड़ा डाले जाने की बात कही गई है, वहां केंद्र सरकार की अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत अनाज भंडारण के लिए गोदाम बनाए जाने का प्रस्ताव है। ऐसे में समिति ने भूमि को कूड़ा स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर गंभीर आपत्ति जताई है।
‘कूड़ा डालना बंद करें, पहले से पड़ा कूड़ा भी हटाएं’

समिति ने नगर पंचायत से तत्काल प्रभाव से अपनी भूमि पर कूड़ा डालना बंद करने और पहले से डाले गए कूड़े को हटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जिलाधिकारी हरिद्वार सहित संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।
अब इस नोटिस के बाद इमलीखेड़ा में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था और संबंधित भूमि को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।




