इमलीखेड़ा, हरिद्वार। नगर पंचायत इमलीखेड़ा में विकास कार्य के उद्घाटन के दौरान उस समय अलग तस्वीर देखने को मिली, जब अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एक ही मंच पर नजर आए। कांग्रेस विधायक हाजी फुरकान अहमद, नगर पंचायत के निर्दलीय अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और भाजपा सभासद एक साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनता की जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार कार्य कराने की बात कही।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े जनप्रतिनिधि विकास कार्य के लिए एक साथ नजर आए। इससे स्थानीय स्तर पर “विकास के लिए साथ-साथ” का संदेश देखने को मिला।




