उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में फोनिक्स विश्वविद्यालय, इमलीखेड़ा में चल रहे प्री थल सेना शिविर में मंगलवार को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रुड़की के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने पहुंचकर शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कैडेट्स का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया।
ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल वर्दी पहनने और प्रशिक्षण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का अवसर है। उन्होंने कैडेट्स को आगामी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 17 निदेशालयों के बीच होने वाली कड़ी प्रतिस्पर्धा के लिए अभी से पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ जुट जाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पिछले प्रदर्शन को आधार बनाकर इस बार और बेहतर रैंक हासिल करने का लक्ष्य लेकर तैयारी की जाए। कैडेट्स को अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने, प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्टता हासिल करने तथा टीम भावना के साथ उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मैदान में पदक से अधिक महत्वपूर्ण है अनुशासन, समर्पण और अंतिम क्षण तक जीत के लिए संघर्ष करने का जज्बा।
उन्होंने कैडेट्स से कहा कि वे स्वयं पर विश्वास रखें और यह संकल्प लें कि “हम केवल प्रतियोगिता में भाग लेने नहीं, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने निदेशालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करने जा रहे हैं।” उनके प्रेरणादायी संबोधन से कैडेट्स में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने फोनिक्स संस्था के चेयरमैन इंजीनियर चेरब जैन का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों एनसीसी शिविरों के सफल आयोजन के लिए संस्थान द्वारा अपना परिसर उपलब्ध कराना सराहनीय एवं एनसीसी के प्रति सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल है। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से कैडेट्स को बेहतर वातावरण में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलता है और एनसीसी की गतिविधियों को और मजबूती मिलती है।
शिविर के कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश आलमिया ने कहा कि कैडेट्स के लिए वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का मार्गदर्शन उनके आत्मविश्वास को नई दिशा देता है। उन्होंने कैडेट्स से ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी के मार्गदर्शन को प्रेरणा बनाकर आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैंप एडजूटेंट सुशील कुमार आर्य, कैप्टन पंकज जैन, लेफ्टिनेंट आनंद कुमार, सेकंड ऑफिसर आशा सिंह, केयरटेकर उपासना, संस्था के डायरेक्टर जनरल संजय जैन, कुलपति डॉ. मनीष पांडेय, सहयोगी एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट विक्रांत कुमार, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट अमर सिंह, प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर, डीईओ संदीप बुड़ाकोटी, नायब सूबेदार सुनील सिंह बिष्ट, मीनाक्षी, बीएचएम केशवानंद, हवलदार पूर्ण सिंह, निर्मल सिंह, अजयबीर सहित अन्य सैन्य एवं एनसीसी अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में कैडेट्स का उत्साह देखते ही बन रहा था और ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन के बाद उनमें नई दिल्ली की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने का आत्मविश्वास और संकल्प और अधिक मजबूत हुआ।




