* उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली की कलियर विधानसभा में लगातार बढ़ती सक्रियता राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर आजाद अली को कलियर विधानसभा में ऐसा क्या नजर आ रहा है, जिसके चलते वह बार-बार इसी क्षेत्र का रुख कर रहे हैं?

कलियर विधानसभा के गांवों में जनसंपर्क, बैठकों और राजनीतिक कार्यक्रमों के जरिए पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी दिखाई दे रही है। लेकिन दूसरी ओर मंगलौर, झबरेड़ा और रुड़की विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की वैसी सक्रियता फिलहाल नजर नहीं आ रही। ऐसे में राजनीतिक जानकारों और आम जनता के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या जन अधिकार पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कलियर को अपना मुख्य राजनीतिक केंद्र बना लिया है?
**आखिर कलियर में ही क्यों दिखाई दे रही है इतनी दिलचस्पी?**

क्या पार्टी को कलियर विधानसभा में नए राजनीतिक समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं? क्या यहां की जनता के बीच अपनी मजबूत जगह बनाने की संभावना नजर आ रही है? या फिर 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए आजाद अली ने कलियर विधानसभा को अपनी पहली प्राथमिकता बना लिया है?
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि यदि जन अधिकार पार्टी पूरे उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक पहचान बनाना चाहती है, तो मंगलौर, झबरेड़ा और रुड़की जैसी महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर भी इसी तरह जनसंपर्क अभियान क्यों नहीं चलाया जा रहा?
**जनता के सवाल, पार्टी के सामने चुनौती**
कलियर विधानसभा की जनता अब केवल राजनीतिक दौरे और चुनावी दावों को नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय समस्याओं पर ठोस पहल को भी देखना चाहती है। 2027 में जनता किसे अपना समर्थन देगी, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन आजाद अली की कलियर में बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक मुकाबले को दिलचस्प जरूर बना दिया है।
अब देखना होगा कि जन अधिकार पार्टी का यह कलियर प्रेम चुनाव तक बरकरार रहता है या फिर मंगलौर, झबरेड़ा और रुड़की में भी पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए मैदान में उतरती है।
**फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर आजाद अली की नजर पूरे हरिद्वार जिले में सबसे ज्यादा कलियर विधानसभा पर ही क्यों टिकी हुई है?**




