। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ग्राम सोहलपुर में नए आपराधिक कानूनों को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को कानूनों में हुए बदलावों, नागरिकों के अधिकारों तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराते हुए कानून के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों और पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

अभियान के दौरान डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग जांच और न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने नए कानूनों से जुड़े सवाल पूछे और पुलिस टीम ने उनकी शंकाओं का समाधान किया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, चौकी प्रभारी इमलीखेड़ा, चौकी प्रभारी धनौरी मनव्वर हुसैन, पुलिसकर्मी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




