इमलीखेड़ा, हरिद्वार। नगर पंचायत इमलीखेड़ा में कांग्रेस को उस समय मजबूती मिली, जब सभासद अभिषेक कुमार ने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। विधायक हाजी फुरकान अहमद की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभिषेक कुमार और उनके समर्थकों का स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों का उद्घाटन भी किया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद सभासद अभिषेक कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता के हित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वह अपने समर्थकों के साथ मिलकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि क्षेत्र में सड़क समेत मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

सभासद अभिषेक कुमार के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलने की चर्चा रही। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




