धनोरी। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धनोरी में आयोजित रोजगार मेले को मिली सकारात्मक सहभागिता और सहयोग के बाद भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने क्षेत्रवासियों, युवाओं, ग्रामीणों एवं कार्यक्रम में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

रोमा सैनी ने कहा कि रोजगार मेले को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों ने जिस आत्मीयता, विश्वास और उत्साह के साथ सहयोग किया, वह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना केवल एक कार्यक्रम तक सीमित विषय नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने विशेष रूप से महर्षि दयानंद मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष अश्वनी सैनी एवं जिला सहसंयोजक, खेल प्रकोष्ठ नीरज सैनी का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही रोजगार मेले की व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले समस्त ग्रामीणों, युवाओं और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को भी साधुवाद दिया।

रोमा सैनी ने कहा कि आज का युवा प्रतिभा और मेहनत से भरपूर है, जरूरत केवल उसे सही अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी युवाओं के बेहतर भविष्य, रोजगार के नए अवसर और क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “आपका स्नेह और सहयोग मेरे लिए केवल समर्थन नहीं, बल्कि जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और जिम्मेदारी है। आपका साथ मेरी ताकत है, आपका विश्वास मेरी पूंजी है और क्षेत्र की सेवा मेरा संकल्प है।”
उन्होंने रोजगार मेले को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का पुनः आभार जताते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों के रास्ते खोले जा सकते हैं।




