पिरान कलियर। विद्युत चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को देहरादून विजिलेंस, ऊर्जा निगम एवं रुड़की विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने इमलीखेड़ा और बैड़पुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर विद्युत चोरी के 19 मामले पकड़े। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।
विद्युत चोरी की शिकायतों के बाद टीम ने क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों और बस्तियों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई स्थानों पर सीधे विद्युत लाइन से कटिया डालकर बिजली का उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 19 विद्युत चोरी के मामले दर्ज किए।
19 मामलों में मुकदमे की तैयारी
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए सभी मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित लोगों के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एसडीओ ने कहा—बिजली चोरी पर जारी रहेगा शिकंजा
एसडीओ रुड़की ऊर्जा निगम अनिता सैनी ने बताया कि इमलीखेड़ा और बैड़पुर में विजिलेंस एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान विद्युत चोरी के 19 मामले पकड़े गए हैं। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
छापेमारी टीम में क्षेत्रीय अवर अभियंता गोपाल सैनी समेत विजिलेंस के अधिकारी, विद्युत विभाग के कर्मचारी और लाइनमैन शामिल रहे। टीम की अचानक और व्यापक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग की इस कार्रवाई को विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




