रुड़की, हरिद्वार। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में फोनिक्स विश्वविद्यालय, इमलीखेड़ा में चल रहे दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन कैडेट्स ने सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना के गुर सीखे। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को शस्त्र संचालन, मैप रीडिंग, दूरी का अनुमान, फील्ड सिग्नल और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया । कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना ही एक मजबूत व्यक्तित्व की नींव हैं। शिविर में मिलने वाली चुनौतियां कैडेट्स को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सक्षम बनाती हैं

।उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का गंभीरता से लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य और अनुशासन बनाए रखने वाला युवा ही भविष्य में बेहतर नेतृत्व प्रदान कर सकता है।
डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण में समयबद्धता और निरंतर अभ्यास का विशेष महत्व है। उन्होंने कैडेट्स को समय प्रबंधन, अनुशासन और निर्धारित कार्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई छोटी-छोटी बातें ही भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियां निभाने में सहायक होती हैं।
शिविर में कैडेट्स को हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन के साथ मैप रीडिंग, दूरी का अनुमान लगाने, फील्ड सिग्नल, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न व्यक्तित्व विकास गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कैंप एडजुटेंट कैप्टन अश्वनी कुमार ने शिविर के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन अनिल गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष पांडेय एवं कुलसचिव डॉ. अमित गौतम को भी शिविर के सफल संचालन में सहयोग और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया । शिविर के सुव्यवस्थित संचालन में सूबेदार मेजर अमर सिंह सहित प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रशिक्षण एवं अनुशासन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कैडेट्स को निर्धारित गतिविधियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है ।


