इमलीखेड़ा। नगर पंचायत इमलीखेड़ा के निर्दलीय अध्यक्ष मनोज सैनी ने क्षेत्र में कथित रूप से सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि भू-माफिया अवैध रूप से जमीनों पर चक काटकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे नगर पंचायत के भविष्य के विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
मनोज सैनी ने कहा कि ऐसी कई भूमि हैं जिनका उपयोग नगर पंचायत बारात घर, सामुदायिक भवन, पार्क, सड़क, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य जनहित के विकास कार्यों के लिए कर सकती थी, लेकिन उन पर कथित रूप से अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की जा रही है। उन्होंने इसे जनता के हितों के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो क्षेत्र के विकास को भारी नुकसान होगा।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सरकारी और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भू-माफियाओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पंचायत और क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।




