उत्तराखंड

आज दिनांक 08/01/26 को धानपुरा एवं रईसी क्षेत्र में ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा द्वारा 04 मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया।

 

अपर आयुक्त महोदय के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में औषधि कानूनों के प्रभावी अनुपालन एवं अवैध दवा विक्रय पर नियंत्रण हेतु ड्रग्स विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण की कार्रवाई जारी है।

इसी क्रम में आज दिनांक 08/01/26 को धानपुरा एवं रईसी क्षेत्र में ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा द्वारा 04 मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त 02 मेडिकल स्टोर्स का लाइसेंस अनुदान (Licence Grant) हेतु निरीक्षण किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित एवं उपयुक्त क्षेत्र में ही लाइसेंस प्रदान किया जाए। साथ ही सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के संबंध में 01 मेडिकल स्टोर का विशेष निरीक्षण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर से 04 दवाओं के नमूने जाँच हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

निरीक्षण के समय सभी मेडिकल स्टोर्स को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार की नारकोटिक/नशीली दवाओं का विक्रय बिना उचित क्रय-विक्रय अभिलेख (Sale-Purchase Record) के न किया जाए। बिना रिकॉर्ड अथवा अवैध उपयोग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त यह भी निर्देशित किया गया कि एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच कर उन्हें स्टॉक से तुरंत पृथक किया जाए। निरीक्षण के दौरान स्टॉक में एक्सपायरी दवाएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ड्रग्स विभाग द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन के स्वास्थ्य हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button