हरिद्वार विश्वविद्यालय, रुड़की के परिसर में आज 16वें तीन दिवसीय “स्पोर्ट्स कार्निवाल 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 26, 27 एवं 28 मार्च 2026 तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर इंजीनियर जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व तथा स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्रज्वल चौधरी के समन्वय में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर डॉ. आदेश आर्य एवं रजिस्ट्रार सुमित चौहान द्वारा अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर डीन एक्सटर्नल अफेयर्स डॉ. रविंद्र कुमार सैनी, डॉ. हिमांशु वर्मा, डॉ. रोहित कुमार, संजना एवं निशा धिमान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
यह एक इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता है, जिसमें 16 से अधिक खेल एवं स्पोर्ट्स गतिविधियाँ सम्मिलित हैं। इस कार्निवाल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट, ऑनरेबल सी.ए. एस. के. गुप्ता ने अपने संदेश में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को भी सशक्त करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने एवं जीत-हार को निष्पक्ष रूप से स्वीकार करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत वैश्विक खेल मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है और ऐसे आयोजन युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
विश्वविद्यालय के वाइस प्रेसिडेंट नमन बांसल ने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों, स्पोर्ट्स ऑफिसर एवं कोऑर्डिनेटर को आश्वस्त किया कि खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों के उत्थान हेतु आवश्यक सभी संसाधन समय-समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि यह हरिद्वार विश्वविद्यालय का 16वां “स्पोर्ट्स कार्निवाल” है, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लिया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह एवं ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




