रुड़की। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संदेश देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्री रोमा सैनी ने नंद विहार रुड़की और इमलीखेड़ा क्षेत्र में पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया।
इस दौरान रोमा सैनी ने नगर पंचायत इमलीखेड़ा के चेयरमैन मनोज सैनी, कार्यालय स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और पर्यावरण मित्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पर्यावरण मित्रों को राखी बांधकर उनका सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
रक्षा सूत्र बांधने के साथ ही रोमा सैनी ने उपस्थित लोगों को एक विशेष संकल्प भी दिलाया। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने जीवन की कम से कम एक बुराई का त्याग करेंगे, सच्चाई और ईमानदारी के मार्ग पर चलेंगे तथा समाज में बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव खड़े रहेंगे।
रोमा सैनी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। राखी का धागा हमें यह याद दिलाता है कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक बुराई छोड़ने और एक अच्छे कार्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प ले, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने पर्यावरण मित्रों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी तरह पर्यावरण मित्र भी प्रतिदिन मेहनत कर समाज को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
नगर पंचायत इमलीखेड़ा के चेयरमैन मनोज सैनी ने रोमा सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर दिलाया गया यह संकल्प समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण मित्रों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। राखी बांधे जाने पर पर्यावरण मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रोमा सैनी का आभार जताया। उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक पर्व को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का यह प्रयास प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा सच्चाई, ईमानदारी, स्वच्छता, भाईचारे और बहन-बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षा का संकल्प लिया।




