रिपोर्ट अभिषेक सैनी
। धनौरी क्षेत्र में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ग्रामीणों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। एक के बाद एक चोरी की वारदातों ने जहां लोगों को दहशत में डाल दिया है, वहीं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय होने वाली पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि कोटा मुरादनगर स्थित शिव मंदिर में चोरी की घटना के बाद जसवावाला रोड स्थित पत्रकार विवेक सैनी के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। अब धनौरी में एक दुकान में चोरी की घटना सामने आने से लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
लगातार अलग-अलग स्थानों पर हो रही इन घटनाओं से लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं? क्या उन्हें पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं है? यदि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त हो रही है तो फिर चोर लगातार वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल कैसे जा रहे हैं?
ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाना बेहद जरूरी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
लगातार घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
धनौरी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं अब महज अलग-अलग वारदात नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती नजर आ रही हैं। मंदिर, मकान और दुकान तक चोरों की पहुंच ने लोगों को अपने घर और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित कर दिया है।
अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर है। क्या पुलिस इन घटनाओं का जल्द खुलासा कर चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी या फिर धनौरी क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा? यह आने वाला समय बताएगा।




