उत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूननैनीतालरूडकीहरिद्वार

बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 115 मामले पकड़े

 

मंगलौर/झबरेड़ा। विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलौर, झबरेड़ा और लंढौरा क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। विजिलेंस टीम के अधिशासी अभियंता अरुण कांत के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 115 विद्युत चोरी के मामले पकड़े।

दिनांक 15 सितंबर 2026 को विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर, झबरेड़ा एवं लंढौरा के अंतर्गत विद्युत चोरी की शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर लोग सीधे कटिया डालकर तथा मीटर से पहले कट लगाकर बिजली का अवैध उपयोग करते पाए गए।

सुबह-सुबह की गई कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चोरी कर हीटर से खाना बनाते हुए भी लोग पाए गए। टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ लोगों ने आनन-फानन में बिजली केबल हटाने का प्रयास किया।

 

अभियान के दौरान टांडा भंनेड़ा में 49, हरचंदपुर निजामपुर में 31 तथा शेरपुर खेलमऊ और कोटवाल में 35 विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए। विभाग के अनुसार विद्युत चोरी करते पकड़े गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

 

चेकिंग अभियान में विजिलेंस अधिशासी अभियंता अरुण कांत, उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी (मंगलौर), अश्विनी कुमार (धनौरी), सजल हटवाल (भगवानपुर), मो. रिजवान (झबरेड़ा), राम कुमार कौशिक (लंढौरा), अवर अभियंता विकास, सतीश कुमार, प्रशांत सैनी, शिवम, अभिषेक, देवेन्द्र शर्मा, अशोक कुमार, सुश्री संजना सहित विजिलेंस एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। अभियान में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

 

आगे भी जारी रहेगा अभियान

 

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विजिलेंस टीम के साथ मंगलौर, झबरेड़ा और लंढौरा उपखंड की टीमें संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।

 

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करें। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव बढ़ता है। उपभोक्ताओं के सहयोग से ही क्षेत्र में सुचारू और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button